
एसीबी की अब तक की सबसे बड़ी ट्रैप कार्यवाही, भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
रायगढ़/घरघोड़ा, 16 सितंबर 2025। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी), बिलासपुर की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एनटीपीसी तिलाईपाली कार्यालय रायकेरा के उप महा प्रबंधक विजय दुबे को साढ़े चार लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह एसीबी द्वारा छत्तीसगढ़ में अब तक की सबसे बड़ी ट्रैप कार्रवाई मानी जा रही है।
घटना का विवरण
एसीबी को दिनांक 13 सितंबर 2025 को ग्राम तिलाईपाली, रायगढ़ निवासी सौदागर गुप्ता से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके परिवार के हिस्से की जमीन एनटीपीसी द्वारा अधिग्रहित कर मुआवजा दिया गया है। पुनर्वास योजना के अंतर्गत उनके पुत्रों को करीब 30 लाख रुपए मिलने थे, जिसमें से 14 लाख मिल चुके थे। शेष 16 लाख रुपए के भुगतान के एवज में उप महा प्रबंधक विजय दुबे द्वारा 5 लाख रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी पहले ही 50 हजार रुपए ले चुका है और शेष 4.50 लाख रुपए की मांग कर रहा है। वह रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि आरोपी को पकड़वाना चाहता था।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। आज दिनांक 16 सितंबर 2025 को आरोपी को गोमती पेट्रोल पंप, घरघोड़ा के पास, अपने वाहन में रिश्वत की रकम प्राप्त करते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से 4.50 लाख रुपए बरामद कर धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई
एसीबी सूत्रों के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद यह अब तक की सबसे बड़ी रिश्वत ट्रैप कार्रवाई है। एसीबी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आरोपी की अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।
एसीबी की सख्ती से मचा हड़कंप
अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई रायगढ़ जिले में पिछले लगभग एक वर्ष में एसीबी, बिलासपुर द्वारा की गई 8वीं बड़ी ट्रैप कार्रवाई है। एसीबी ने स्पष्ट कर दिया है कि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ यह अभियान अनवरत जारी रहेगा।



