
रायगढ़, 09 नवंबर 2025। घरघोड़ा थाना पुलिस ने महिला से छेड़खानी के मामले में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की तत्परता की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चारमार का है।
मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2025 को पीड़ित महिला ने घरघोड़ा थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सुबह लगभग 10:30 बजे अपने पति के साथ पड़ोसी के घर गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद आरोपी शंकर राम गुप्ता उर्फ लल्लू (पिता स्व. मुनकुराम गुप्ता, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम चारमार, थाना घरघोड़ा) ने महिला के साथ अशोभनीय व्यवहार किया और अभद्र टिप्पणियाँ कीं।
महिला की शिकायत पर घरघोड़ा थाना पुलिस ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के पश्चात पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल, आरक्षक दिनेश सिदार, प्रदीप तिग्गा एवं दीप रोशन एक्का की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कदमों से पीड़ितों में न्याय के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत होती है।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस हर समय पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए तत्पर है।



