घरघोड़ाछत्तीसगढ़रायगढ़

घरघोड़ा पुलिस ने छह घंटे में सुलझाया दोहरे हत्याकांड का मामला

रायगढ़, घरघोड़ा 22 अक्टूबर 2025। थाना घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम कपाटडेरा भेण्ड्रा में सोमवार सुबह हुए सनसनीखेज़ दोहरे हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज़ छह घंटे के भीतर सुलझा लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पुराने विवाद और पैसों के लेन-देन से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।

घटना की जानकारी सुबह उस वक्त मिली जब ग्रामीणों ने ग्राम कपाटडेरा भेण्ड्रा निवासी गुरबार सिंह राठिया (43 वर्ष) और उनकी पत्नी मनिता राठिया (30 वर्ष) के शव को घर के आंगन के बाहर पड़ा हुआ देखा। तत्काल इसकी सूचना थाना घरघोड़ा को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम, एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी, डीएसपी साइबर सेल श्री अनिल विश्वकर्मा, एफएसएल टीम, साइबर सेल एवं डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंचे। टीमों ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दंपत्ति की हत्या की गई है, न कि उनकी मृत्यु स्वाभाविक रूप से हुई है।

परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि मृतक दंपत्ति का कुछ लोगों के साथ पुराने विवाद और रुपये के लेन-देन को लेकर तनाव चल रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

वरिष्ठ अधिकारियों की सतत निगरानी और एफएसएल व साइबर टीम की सक्रियता के चलते पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में जांच का दायरा स्पष्ट कर लिया है। तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्ष गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने कहा कि –

“मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिन्हें पुख्ता साक्ष्यों में तब्दील करने की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही वारदात की पूरी पृष्ठभूमि सार्वजनिक की जाएगी।”

घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और टीमवर्क की जिलेभर में सराहना की जा रही है।

बाल विवाह अपराध है, बच्चों के लिए अभिशाप है।

Jane Kurre

जनदर्पण - समाज का आईना, एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और जनहितैषी न्यूज़ पोर्टल है। इसका उद्देश्य है समाज के हर वर्ग की आवाज़ को सामने लाना और लोगों तक सच्ची व तथ्यपूर्ण खबरें पहुँचाना। यह पोर्टल केवल खबरें देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक तस्वीर दिखाने का प्रयास है। मिशन- भ्रष्टाचार, नशा और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ निरंतर जागरूकता फैलाना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *