
ट्रेलर जब्त, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रशासन ने की कार्रवाई – भाजपा नेता पर धमकी के आरोप
खरसिया (रायगढ़), 27 अक्टूबर 2025। दोपहर लगभग 12 से 1 बजे के बीच खरसिया के बानीपाथर रेलवे ओवरब्रिज के ऊपर एक ट्रेलर वाहन में धान लोड कर जाते हुए देखा गया। स्थानीय लोगों एवं पत्रकारों को शक हुआ कि ट्रेलर में अवैध रूप से धान की ढुलाई की जा रही है। जब ट्रेलर को रोककर ड्राइवर और उसके साथ बैठे व्यक्ति से पूछताछ की गई, तो उन्होंने गोलमोल जवाब दिया, जिससे संदेह और गहरा गया।
सूचना मिलते ही पत्रकारों ने तत्काल खरसिया एसडीएम प्रवीण तिवारी को घटना की जानकारी दी। एसडीएम तिवारी ने नायब तहसीलदार काजल अग्रवाल को टीम सहित मौके पर रवाना किया। कुछ ही देर में नायब तहसीलदार, खाद निरीक्षक एवं मंडी उप निरीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान जब ट्रेलर के दस्तावेज मांगे गए, तो मौके पर मौजूद व्यक्तियों के पास कोई वैध कागजात नहीं पाए गए। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने ट्रेलर को जब्त कर थाना खरसिया पहुंचाया। थाने में जांच के दौरान पता चला कि ट्रेलर में लगभग 650 से 800 बोरी धान भरी हुई है। प्रशासन अब धान के स्रोत और स्वामित्व की जांच कर रहा है।

भाजपा नेता पर धमकी के आरोप
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में धान का मालिक एक भाजपा नेता बताया जा रहा है। पत्रकारों का आरोप है कि संबंधित नेता ने उन्हें धमकी भरे शब्दों में चेतावनी दी, जिससे स्थानीय मीडिया जगत में आक्रोश व्याप्त है।
प्रशासन की सख्ती
एसडीएम प्रवीण तिवारी ने स्पष्ट कहा है कि धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले किसी भी प्रकार की अवैध ढुलाई या भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नायब तहसीलदार से विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है।
इस बीच जब पत्रकारों ने खरसिया मंडी के उप निरीक्षक मिश्रा से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि “ऋण पुस्तिका मंगाई गई है, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।” हालांकि धान वैध है या अवैध, इस प्रश्न पर उन्होंने गोलमोल जवाब दिया।
बढ़ती चिंता
धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले ही अवैध धान परिवहन की यह घटना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जांच में क्या खुलासा होता है और क्या वास्तव में इस अवैध धान परिवहन में राजनीतिक संरक्षण की भूमिका सामने आती है।



