
रायगढ़ 25 फरवरी 2026 | क्षेत्र के लोकप्रिय एवं परम पूज्य कथावाचक रोमेश कृष्ण जी महाराज का पावन जन्मदिवस सेवा, संवेदना और मानवता के संदेश के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तमनार में उपचाररत रोगियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए फल वितरण किया गया। यह सेवा कार्य डॉ. धन सिंह पैंकरा जी के सानिध्य में संपन्न हुआ।
पूज्य महाराज श्री की प्रेरणादायी भावना “सर्वे भवंतु सुखिनः, सर्वे संतु निरामया” को आत्मसात करते हुए आयोजित यह कार्यक्रम मानवता और करुणा की सशक्त मिसाल बना।

इस दौरान महाराज ने स्वयं अस्पताल में उपस्थित रोगियों का हाल-चाल जाना, उन्हें ढांढस बंधाया तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। साथ ही प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना भी की।
जन्मदिवस के उपलक्ष्य में महाराज द्वारा बानर सेवा,
घरघोड़ा अस्पताल में फल वितरण तथा नेत्रहीन विद्यालय ईमलीडीही में नेत्रहीन बच्चों को फल वितरण जैसे सेवा कार्य भी किए गए, जिससे समाज के प्रति उनकी गहरी संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
पूज्य रोमेश कृष्ण जी महाराज न केवल एक लोकप्रिय कथावाचक के रूप में विख्यात हैं, बल्कि वे सेवा, संस्कार और संस्कृति की स्थापना हेतु निरंतर प्रेरणादायी भूमिका निभा रहे हैं। जमीनी स्तर से लेकर प्रादेशिक स्तर तक सनातन धर्म के मूल्यों का प्रचार-प्रसार करते हुए वे जनमानस के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं।
इस पावन अवसर पर क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं एवं गणमान्यजनों द्वारा पूज्य महाराज श्री को ढेरों शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं प्रेषित की गईं।



