
प्रेम संबंध, शादी का दबाव और सुनियोजित हत्या की कहानी उजागर
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा
रायगढ़, 16 मई 2026। थाना पूंजीपथरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल में मिले महिला के शव के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतिका की पहचान अधिवक्ता आराधना सिदार (31 वर्ष), निवासी ग्राम केकराझरिया, लैलूंगा के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल, निवासी ग्राम चारपारा, थाना सक्ती, जिला सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 12 मई को कटेल टिकरा जंगल में शासकीय भूमि पर एक अज्ञात महिला का शव नग्न अवस्था में मिलने की सूचना ग्राम कोटवार अयोध्या प्रसाद माझी द्वारा दी गई थी। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉड टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। थाना पूंजीपथरा में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 108/2026 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान थाना चक्रधरनगर में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से महत्वपूर्ण सुराग मिला। घटनास्थल से बरामद कपड़े, सैंडल और फोटोग्राफ्स के आधार पर मृतिका की पहचान आराधना सिदार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मोटरसाइकिल पर मृतिका को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसका मृतिका के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी पहले से विवाहित था और मृतिका लगातार शादी का दबाव बना रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची।
आरोपी ने बताया कि 9 मई की रात उसने आराधना से बात कर अगले दिन मिलने का प्लान बनाया। 10 मई को वह मोटरसाइकिल से उसे अपने साथ सक्ती और दमाऊधारा मंदिर लेकर गया। शाम को दोनों सक्ती स्थित एक लॉज में रुके, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया। अगले दिन सुबह आरोपी आराधना को सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया, जहां पहले गला दबाकर बेहोश किया और फिर पत्थर एवं धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने घटनास्थल से साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और मृतिका का मोबाइल अपने पास रख लिया। पुलिस के अनुसार, शक से बचने के लिए आरोपी मृतिका के मोबाइल से उसकी बहन और सहेलियों को महिला की आवाज निकालकर कॉल करता रहा, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
लोकनाथ पटेल
पिता – रामप्रसाद पटेल
उम्र – 30 वर्ष
निवासी – ग्राम चारपारा, थाना सक्ती, जिला सक्ती, छत्तीसगढ़
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
“रायगढ़ पुलिस हर गंभीर अपराध की तह तक जाकर वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपियों तक पहुंच रही है। कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।”



