
रायगढ़ 3 जुलाई 2025।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने छत्तीसगढ़ में अपने संगठनात्मक विस्तार को गति देते हुए रायगढ़ जिले की कमान महादेव परिहारी को सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष शरत पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में उन्हें जिलाध्यक्ष पद का नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। जैसे ही महादेव परिहारी की नियुक्ति की घोषणा हुई, पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। विशेषकर श्रमिक वर्ग, युवा और आम जनता में उत्साह देखने को मिला।
महादेव परिहारी वर्षों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और श्रमिक, गरीब एवं पिछड़े वर्ग की आवाज उठाते रहे हैं। उनकी जमीनी पकड़, सामाजिक सेवा और संगठनात्मक अनुभव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है।
प्रदेश अध्यक्ष शरत पाण्डेय ने इस मौके पर कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) सदैव समाज के अंतिम व्यक्ति के हक की लड़ाई लड़ती आई है। उन्होंने विश्वास जताया कि महादेव परिहारी के नेतृत्व में रायगढ़ जिले में पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी, और आम जनता की समस्याएं सशक्त रूप से उठाई जाएंगी।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष महादेव परिहारी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि रायगढ़ जिले के हर गांव, कस्बे और शहर तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाया जाएगा, और युवाओं, मजदूरों तथा वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया जाएगा।
उनकी नियुक्ति पर जिले के कई सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बधाई दी है और आशा जताई है कि महादेव परिहारी के नेतृत्व में रायगढ़ न सिर्फ संगठनात्मक रूप से मजबूत होगा बल्कि विकास की दिशा में भी नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।