
रायगढ़, 11 सितंबर 2025। शहर में आगामी दुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से मनाने हेतु आज पुलिस कंट्रोल रूम में प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम ने की। उन्होंने शहर की विभिन्न दुर्गा आयोजन समितियों से उनके कार्यक्रमों का विवरण लिया और आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
समिति प्रमुखों ने बताया कि अधिकांश समितियां पंचमी (26 सितंबर) से माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करेंगी। कई समितियां कलश यात्रा व करमा नृत्य के साथ प्रतिमाओं को पंडाल तक लाने की योजना बना रही हैं। अधिकारियों ने सभी समितियों को निर्देश दिया कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित थानों व ट्रैफिक पुलिस को पूर्व सूचना दें। साथ ही पंडालों में अस्थायी बिजली कनेक्शन सुरक्षित रूप से लें, डस्टबिन रखें, भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवक नियुक्त करें और सड़कों पर वाहनों की पार्किंग न करें।

बैठक में यह भी कहा गया कि गरबा, डांडिया और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी संबंधित थानों में उपलब्ध कराई जाए। नवरात्र पर मांस वितरण पर रोक लगाने हेतु समितियों से आवेदन प्राप्त कर उचित निर्णय लिया जाएगा। साथ ही पंडालों में फूहड़ गीत न बजाने और रात्रि सुरक्षा हेतु दो सदस्य रखने की सलाह दी गई। डीसीपी ट्रैफिक ने पंडाल का आकार सीमित रखने और यातायात बाधित न होने देने पर जोर दिया। वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
नगर निगम ने दुर्गा विसर्जन हेतु विजयपुर और टुर्कुमुडा तालाब चिन्हित किए हैं। अन्य स्थानों पर व्यवस्था की मांग पर आवश्यक प्रबंध का आश्वासन दिया गया।
बैठक में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उत्तम प्रताप सिंह, नगर निरीक्षक सुखनंदन पटेल, अमित शुक्ला, प्रशांत राव, नगर निगम से सुरेंद्र प्रताप, कुमार यादव, सूरज देवांगन सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों की आयोजन समितियों के सदस्य उपस्थित रहे। हंडी चौक, सत्तीगुड़ी चौक, कोतरारोड, हटरी चौक, दानीपारा, राजीव नगर, कैलाश नगर, रामभांठा, जोगीडीपा सहित कई क्षेत्रों के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए।
पुलिस और प्रशासन ने सभी आयोजन समितियों से समन्वय बनाकर दुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से मनाने की अपील की।



