
रायगढ़, 9 अक्टूबर 2025। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन में आज दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को पुलिस सामुदायिक भवन रायगढ़ में कोतवाली पुलिस द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक, साइबर जागरूकता तथा नागरिक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) अनिल विश्वकर्मा, नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल तथा उप निरीक्षक ऐनु देवांगन मंचासीन रहे।
कार्यक्रम के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने अवैध शराब और नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी।
उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) अनिल विश्वकर्मा ने बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता पर जोर देते हुए नागरिकों को कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए —
अनजान नंबरों या लिंक पर क्लिक न करें।
किसी को भी ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
संदिग्ध कॉल या लिंक मिलने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।
सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखें।
ऑनलाइन खरीदारी केवल विश्वसनीय वेबसाइट से करें।
सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर शेयर मार्केट और क्रिप्टो से झटपट मुनाफा कमाने के झांसे से बचें।
नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू ने शहर और आउटर इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने का आग्रह किया, जिस पर पुलिस अधिकारियों ने सहमति जताई।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद, वार्डवासी एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही।