
जशपुर, पत्थलगांव 20 अक्टूबर 2025। “हर दिन 1 प्रतिशत ब्याज” का झांसा देकर किसानों और ग्रामीणों से करोड़ों रुपए ठगने वाली फर्जी कंपनी का भांडा जशपुर पुलिस ने फोड़ दिया है।
यह ठगी ‘C Bulls Global Solution’ नामक कंपनी के नाम पर की गई, जिसके प्रतिनिधियों ने कोरबा, चांपा, अंबिकापुर, घरघोड़ा, बिलासपुर सहित कई जिलों में ग्रामीणों की मीटिंग आयोजित कर उन्हें भारी मुनाफे का सपना दिखाया। अब तक 6 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी का खुलासा हुआ है।
किसानों को बनाया निशाना, “10 महीनों में दुगुना पैसा” का दिया लालच
पत्थलगांव निवासी प्रार्थी जागेश्वर लाल यादव (43 वर्ष) ने थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी संतोष कुमार साव ने उसे “C Bulls Global Solution” कंपनी में निवेश का झांसा दिया।
कहा गया कि यह “एग्रीकल्चर प्रोडक्ट्स बेस कंपनी” है जो कृषि प्रोडक्ट्स में निवेश करने पर हर महीने ब्याज देगी।
पहले कुछ महीनों तक निवेशकों को ब्याज दिया गया ताकि भरोसा बने, लेकिन बाद में रकम आनी बंद हो गई।
जब निवेशकों ने पूछताछ की, तब कंपनी के एम.डी. मोहम्मद सिराज आलम ने उन्हें यह कहकर गुमराह किया कि कंपनी दरअसल एक ट्रेडिंग फर्म है, जो शेयर मार्केट में सेबी रजिस्टर्ड है और “हर दिन 1% ब्याज” देती है।
यानी — 10 महीनों में मूलधन दुगुना से अधिक!
कई जिलों में मीटिंगें, करोड़ों का निवेश
कंपनी के पार्टनर बताए गए हरिशरण देवांगन और संतोष कुमार साहू ने कोरबा, चांपा, अंबिकापुर, घरघोड़ा, बिलासपुर में बड़ी-बड़ी मीटिंगें कर ग्रामीणों को लुभाया।
चेक के माध्यम से फेडरल बैंक और इंडसइंड बैंक की गारंटी दिखाकर लोगों से करोड़ों रुपए निवेश कराए।
जागेश्वर लाल यादव – ₹1.80 करोड़
लक्ष्मण केशवानी – ₹95 लाख
कमलेश यादव – ₹10 लाख
भूषण पटेल – ₹33 लाख
डॉ. पीताम्बर साय निराला – ₹25 लाख
राजेश देवांगन – ₹15 लाख
कुल मिलाकर लगभग ₹6 करोड़ से अधिक की ठगी सामने आई है।
हेल्थ इंश्योरेंस और “सहयोग निधि” का नया जाल
जब ग्रामीणों ने पैसा मांगा तो ठगों ने “हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड” बनाने के नाम पर उड़ीसा के सुंदरगढ़ में मीटिंग आयोजित की और वहां निवेशकों के आधार, पैन व हस्ताक्षर लेकर “C Bulls सहयोग निधि रियल स्टेट व फाइनेंस लिमिटेड” के नाम से रजिस्ट्रेशन करा दिया।
इस तरह निवेशकों को ही कंपनी का डायरेक्टर दिखाकर नया जाल बिछाया गया।
बाद में वेबसाइट बंद कर दी गई और सभी आरोपी फरार हो गए।
जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई – दो आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक दर्ज कर, धारा 420, 120(B) और 34 भा.दं.सं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
एसडीओपी धुर्वेश जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई जिसने जांजगीर और शक्ति जिले की पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी हरिशरण देवांगन और संतोष कुमार साहू को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान संतोष कुमार साहू के परिजनों ने पुलिस से हुज्जत करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की समझदारी से हालात काबू में आ गए। दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
‘पोंजी स्कीम’ की तरह चलता था ठगी का खेल
जांच में सामने आया कि कंपनी द्वारा कोई असली ब्याज नहीं दिया जाता था।
नए निवेशकों के पैसे से पुराने निवेशकों को ब्याज दिया जाता था। जब नए लोग जुड़ना बंद हुए, तो पूरा सिस्टम ढह गया और कंपनी ने पैसे हड़प लिए।
पुलिस ने सभी संदिग्धों को चिन्हित किया, तलाश जारी
जशपुर पुलिस ने बताया कि इस फर्जी कंपनी से जुड़े सभी संदिग्धों को चिन्हित कर लिया गया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी कंपनी द्वारा “हर दिन ब्याज” या “10 महीनों में दुगुना” जैसे ऑफर दिए जाने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और ऐसे निवेश से बचें।



